श्री झूलेलाल मंदिर में कार्तिक महोत्सव शुरू
November 12th, 2026 | Post by :- | 11 Views

जयपुर,(सुरेन्द्र कुमार सोनी) । राजधानी जयपुर में कार्तिक मास के पावन अवसर पर धार्मिक आयोजनों की श्रृंखला के तहत बुधवार 11 नवम्बर से कार्तिक महोत्सव का शुभारंभ किया गया। यह महोत्सव आगामी 24 नवम्बर तक श्रद्धा, भक्ति और धार्मिक उत्साह के साथ मनाया जाएगा। महोत्सव के प्रथम दिन नांगल स्थित बैनाड़ रोड पर दयावान भगवान श्री झूलेलाल मंदिर में विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान श्रद्धालुओं ने पूरे भक्तिभाव के साथ पूजा-अर्चना कर भगवान झूलेलाल के समक्ष सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। महोत्सव प्रभारी विकास सुखलानी ने बताया कि आयोजन के पहले दिन चंद्र दर्शन, भाईदूज और कार्तिक कथा के साथ विशेष आरती, पल्लव प्रार्थना का आयोजन किया गया। धार्मिक अनुष्ठानों में समाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के समापन पर श्रद्धालुओं को दोना प्रसादी वितरित की गई। मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण रहा और श्रद्धालुओं ने भगवान झूलेलाल के जयकारों के साथ अपनी आस्था प्रकट की। सिंधु वीर नानकराम थावानी ने बताया कि कार्तिक महोत्सव के अंतर्गत 12 नवम्बर से प्रतिदिन नियमित धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके तहत प्रतिदिन शाम 5 बजे से प्रार्थना, सत्संग एवं कार्तिक कथा का आयोजन होगा। वहीं शाम 6 बजे आरती और पल्लव प्रार्थना के बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया जाएगा। उन्होंने समाज के सभी धर्मप्रेमी बंधुओं से महोत्सव में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर धर्मलाभ प्राप्त करने की अपील की। कार्तिक महोत्सव का उद्देश्य धार्मिक आस्था को मजबूत करने के साथ ही समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे, सद्भाव और सांस्कृतिक परम्पराओं को बढ़ावा देना है। आगामी 24 नवम्बर तक चलने वाले इस महोत्सव में प्रतिदिन श्रद्धा और भक्ति का विशेष माहौल देखने को मिलेगा।

कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे editorlokhit@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।