मानसरोवर के द्वारका अपार्टमेंट में 30 लाख की नकबजनी का खुलासा
October 30th, 2026 | Post by :- | 29 Views

​जयपुर,(सुरेन्द्र कुमार सोनी) । शिप्रापथ थाना पुलिस ने मानसरोवर स्थित द्वारका अपार्टमेंट के एक फ्लैट में हुई करीब 30 लाख रुपये की बड़ी नकबजनी की वारदात का पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी ड्राइवर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी किए गए सभी जेवरात बरामद कर लिए हैं।
​पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) राजर्षि राज ने बताया कि संगरिया (हनुमानगढ़) निवासी परिवादी गुरमीत सिंह ने 25 अक्टूबर 2026 को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने रिपोर्ट में बताया कि द्वारका अपार्टमेंट (मानसरोवर) स्थित उनके फ्लैट (I-302) में ताला लगा हुआ था, जहां उनकी पत्नी और माता-पिता के कीमती सोने-चांदी के जेवरात रखे हुए थे। फ्लैट की एक अतिरिक्त चाबी मालवीय नगर स्थित उनके रिश्तेदार के फ्लैट पर रखी रहती थी। 2 अक्टूबर को जब परिवादी फ्लैट पर पहुंचे तो अंदर सारा सामान अस्त-व्यस्त मिला और अलमारी से करीब 30 लाख रुपये के गहने गायब थे। इस पर पुलिस ने बीएनएस (BNS) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
वारदात की गंभीरता को देखते हुए एडिशनल डीसीपी ललित कुमार शर्मा के निर्देशन, एसीपी मानसरोवर हेमेंद्र शर्मा के सुपरविजन और शिप्रापथ थानाधिकारी हितेश शर्मा के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और चालानशुदा अपराधियों से पूछताछ की। फुटेज से हुलिया मिलान और मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर पुलिस ने दबिश देकर आरोपी शुभम सैन पुत्र महेश सैन, निवासी केसर ग्रीन, मानसरोवर एक्सटेंशन को दबोच लिया।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी शुभम सैन फ्लैट मालिक की गाड़ी का ही ड्राइवर था। वह अक्सर मालिक के साथ फ्लैट पर आता-जाता रहता था, जिसके कारण उसे घर में रखे कीमती सामान और गहनों के बारे में पूरी जानकारी थी। आरोपी पर काफी कर्जा हो रखा था, जिसे चुकाने के लिए उसने चोरी की इस वारदात को अंजाम देना कबूल किया।
इस पूरे खुलासे में थानाधिकारी हितेश शर्मा, सउनि संदीप बसेरा,कांस्टेबल प्रभास (विशेष भूमिका), कांस्टेबल जयदेव और कांस्टेबल ओम सिंह की मुख्य भूमिका रही। पुलिस अब आरोपी से अन्य संभावित वारदातों को लेकर भी पूछताछ कर रही है।

कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे editorlokhit@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।