लखनऊ, 8 अक्टूबर। पटना से लखनऊ आ रही इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट 6E925 बुधवार को उड़ान के दौरान आकाशीय बिजली (Lightning Strike) की चपेट में आ गई। घटना के समय विमान में 104 यात्री और 6 क्रू सदस्य सवार थे। बिजली गिरने से विमान के अगले हिस्से (नोज) को नुकसान पहुंचा, लेकिन पायलटों की सतर्कता और विमान की सुरक्षा प्रणालियों के कारण विमान की लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षित लैंडिंग कराई गई।
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार विमान लखनऊ एयरपोर्ट के निकट पहुंच रहा था, तभी खराब मौसम के बीच उस पर बिजली गिरी। घटना के बावजूद विमान ने निर्धारित समय से लगभग आठ मिनट पहले सुरक्षित लैंडिंग की। सभी यात्री और क्रू सदस्य पूरी तरह सुरक्षित बताए गए हैं।
लैंडिंग के बाद विमान के नोज हिस्से में क्षति देखी गई, जिसके बाद विमान को तकनीकी जांच के लिए ग्राउंड कर दिया गया। एयरलाइन ने घटना की सूचना नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) को दे दी है। विस्तृत निरीक्षण के बाद ही विमान को दोबारा सेवा में लगाया जाएगा।
मौसम विभाग (IMD) ने बिहार और आसपास के क्षेत्रों में 9 अक्टूबर तक गरज-चमक और आकाशीय बिजली की संभावना जताई है। विशेषज्ञों के अनुसार आधुनिक विमानों को बिजली गिरने जैसी घटनाओं को सहन करने के लिए विशेष सुरक्षा मानकों के तहत बनाया जाता है, इसलिए ऐसी घटनाओं में यात्रियों की सुरक्षा सामान्यतः बनी रहती है।
कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे editorlokhit@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।


