जयपुर,(सुरेन्द्र कुमार सोनी) । जयपुर पुलिस और साइबर क्राइम यूनिट (पुलिस मुख्यालय, राजस्थान) की संयुक्त टीम ने साइबर अपराधियों के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए इंटरनेशनल फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गिरोह के 14 शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है, जिनके कब्जे से भारी मात्रा में लैपटॉप, मोबाइल और अन्य उपकरण बरामद किए गए हैं।
अमेरिका के नागरिकों को बनाते थे शिकार
पुलिस के अनुसार, यह फर्जी कॉल सेंटर बिंदायका थाना क्षेत्र के सिरसी रोड स्थित मंगलम ग्रांड रेजिडेन्सी के एक फ्लैट (नंबर 1401-सी) से संचालित किया जा रहा था। आरोपी लैपटॉप, मोबाइल और इंटरनेट तकनीकों का उपयोग कर मुख्य रूप से अमेरिका (USA) के नागरिकों को निशाना बनाते थे।
ये ठग ‘Fake Apple Customer Support/ Technical Support’ के नाम पर अमेरिकी नागरिकों को मैसेज (SMS) भेजते थे। मैसेज में एप्पल प्रोडक्ट्स या सर्विसेज के लिए 399, 499, या 699 अमेरिकी डॉलर का प्री-अप्रूव्ड चार्ज स्वीकृत होने का झांसा देकर उनसे साइबर ठगी की जाती थी।
13 लैपटॉप और 24 मोबाइल जब्त
संयुक्त टीम ने मौके पर छापेमारी कर वारदात में प्रयुक्त:
13 लैपटॉप
24 मोबाइल फोन
राउटर्स, सिम कार्ड, चार्जर और एक्सटेंशन बोर्ड जब्त किए हैं।
बिंदायका थाने में मामला दर्ज कर (प्रकरण संख्या 237/2026) भारतीय न्याय संहिता (BNS), आईटी एक्ट और टेलीकॉम एक्ट की विभिन्न संगीन धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
देश के अलग-अलग राज्यों और नेपाल से जुड़े हैं आरोपी
गिरफ्तार किए गए 14 आरोपी गुजरात, राजस्थान, महाराष्ट्र, नागालैंड, असम, चंडीगढ़ और नेपाल के रहने वाले हैं:
गोहिल निकुंज (25) – सुरेंद्रनगर, गुजरात
वाहिद (22) – सीकर, राजस्थान
रहीस (33) – पालघर, मुंबई
ईरशाद (35) – पालघर, मुंबई
मोहम्मद ईनाम हुसैन चौधरी (37) – दीमापुर, नागालैंड
सौरभ शर्मा (25) – जयपुर, राजस्थान
निशिथ (19) – गांधीनगर, गुजरात
मानस खटनियार (36) – कामरूप, असम
अक्षय नारायण भाई पटेल (32) – गांधीनगर, गुजरात
श्रेय भारद्वाज (39) – चंडीगढ़
गगन पाल (27) – कंचनपुर, नेपाल
शिवम प्रजापति (26) – गांधीनगर, गुजरात
देव दलाल (22) – गांधीनगर, गुजरात
दर्पन (29) – अहमदाबाद, गुजरात
संयुक्त पुलिस टीम को मिली सफलता
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त जयपुर सचिन मित्तल, अति. महानिदेशक पुलिस (कानून एवं व्यवस्था) वी.के. सिंह और उप महानिरीक्षक पुलिस (साइबर) शांतनु कुमार सिंह के निर्देशन में की गई। पुलिस उपायुक्त जयपुर पश्चिम प्रशांत किरण, अति. पुलिस उपायुक्त राजेश कुमार गुप्ता, प्रवेन्द्र सिंह महला और उप पुलिस अधीक्षक (साइबर) आदित्य पुनियां के सुपरविजन में बिंदायका थाना पुलिस, डीएसटी जयपुर पश्चिम और साइबर क्राइम यूनिट राजस्थान की टीमों ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। फिलहाल पुलिस आरोपियों से आगे की पूछताछ कर रही है।
कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे editorlokhit@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।


