*20 एनसीसी बालिका कैडेट्स ने सफलतापूर्वक पूर्ण किया ‘अपराजिता – पारंग ला 2026’ उच्च तुंगता लंबी दूरी का ट्रेक*
September 16th, 2026 | Post by :- | 20 Views

चंडीगढ़ : राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) की प्रमुख साहसिक गतिविधि, अखिल भारतीय बालिका उच्च तुंगता लंबी दूरी के ट्रेक ‘अपराजिता – पारंग ला 2026’ का 16 सितंबर 2026 को लद्दाख के करज़ोक में डीजी एनसीसी लेफ्टिनेंट जनरल वीरेंद्र वत्स तथा रक्षा मंत्रालय की अपर सचिव श्रीमती दीप्ति मोहिल चावला द्वारा समापन किया गया। इस अभियान में देशभर से चयनित 20 एनसीसी बालिका कैडेट्स की टीम ने हिमाचल प्रदेश की स्पीति घाटी को लद्दाख के चांगथांग क्षेत्र से जोड़ने वाले पारंग ला दर्रे (5,578 मीटर) को पार किया।

लगभग 250 किलोमीटर की दूरी 30 दिनों में तय करते हुए टीम ने ग्लेशियरों, बर्फीले मैदानों और नदी घाटियों सहित अत्यधिक ऊंचाई वाले दुर्गम क्षेत्रों से होकर यात्रा की। अधिकारियों, प्रशिक्षकों, चिकित्सा कर्मियों तथा सहायक स्टाफ के साथ टीम ने हिमाचल प्रदेश के किब्बर से लद्दाख के करज़ोक तक का ट्रेक सफलतापूर्वक पूरा किया। इस ट्रेक को 18 अगस्त 2026 को रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह ने नई दिल्ली से रवाना किया था।

इस अवसर पर डीजी एनसीसी लेफ्टिनेंट जनरल वीरेंद्र वत्स ने अभियान के सफल समापन पर कैडेट्स और स्टाफ को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां युवाओं में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, टीम भावना और सहनशक्ति विकसित करने में महत्वपूर्ण योगदान देती हैं।

इस ट्रेक का आयोजन युवा महिलाओं की साहसिक गतिविधियों में भागीदारी को बढ़ावा देने तथा उन्हें चुनौतीपूर्ण उच्च तुंगता वाले वातावरण का अनुभव प्रदान करने के उद्देश्य से किया गया। इसका उद्देश्य देश के विभिन्न हिस्सों से आए कैडेट्स को एक साथ लाकर राष्ट्रीय एकता की भावना को भी सुदृढ़ करना था।

कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे editorlokhit@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।