श्रीगंगानगर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की हुंकार, जिलाध्यक्ष रूबी बोले – स्थानीय निकाय चुनावों में भाजपा का करेंगे सूपड़ा साफ
August 16th, 2026 | Post by :- | 35 Views

श्रीगंगानगर,(यश कुमार)। कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक राज कुमार गौड़ के आह्वान पर रविवार को ट्रेडर्स एसोसिएशन हॉल में विशाल कार्यकर्ता बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में शहर एवं ग्रामीण क्षेत्र से सैकड़ों कार्यकर्ता एकजुट हुए। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष सरदार रूपिंदर सिंह कुन्नर, संगठन महासचिव राकेश शर्मा, जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारी, अग्रिम संगठनों, प्रकोष्ठों एवं विभागों के अध्यक्षगण सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष सरदार रूपिंदर सिंह कुन्नर ने स्थानीय निकाय एवं पंचायती राज विभाग के आगामी चुनावों में एकजुट होकर चुनाव लड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि श्रीगंगानगर नगर परिषद सहित जिले की सभी नगरपालिकाओं, पंचायती राज की सभी पंचायत समितियों और जिला परिषद में भारी बहुमत से जीत दर्ज कर जिला प्रमुख का पद कांग्रेस के खाते में लाना है। रूबी ने कहा कि राजस्थान सरकार सभी मोर्चों पर विफल हो गई है। राज्य का किसान, मजदूर, व्यापारी, बेरोजगार नौजवान और छात्र आज परेशान होकर आंदोलित हैं। इन सभी की उम्मीदें अब कांग्रेस पार्टी से ही हैं। जिलाध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से आपसी मतभेद भुलाकर एकजुटता के साथ काम करने की अपील की। उन्होंने कहा कि भाजपा की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ जनता कांग्रेस की ओर देख रही है। ऐसे में कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि वे घर-घर जाकर कांग्रेस की नीतियों को पहुंचाएं और पार्टी को विजय दिलाएं। बैठक में संगठन महासचिव राकेश शर्मा सहित जिला कार्यकारिणी के अन्य पदाधिकारियों ने भी अपने विचार रखे और आगामी चुनावी रणनीति पर चर्चा की कार्यक्रम में पूर्व विधायक राज कुमार गौड़ के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि आगामी स्थानीय निकाय चुनावों में कांग्रेस पार्टी जिले में ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी।

कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे editorlokhit@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।