BAHADURGARH, LOKHIT EXPRESS BUREAU CHIEF (GAURAV SHARMA)

सावन के पावन महीने में भगवान भोलेनाथ की भक्ति से पूरा क्षेत्र शिवमय हो रहा है। इसी कड़ी में गांव सोलधा से 9वीं सुपरफास्ट शिव डाक कांवड़ यात्रा को भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष नवीन बंटी ने हर-हर महादेव के जयघोष के बीच झंडी दिखाकर हरिद्वार के लिए रवाना किया। इस दौरान बड़ी संख्या में शिवभक्त मौजूद रहे और पूरा वातावरण भोलेनाथ के जयकारों से गूंज उठा।
प्रदेश उपाध्यक्ष नवीन बंटी ने शिवभक्तों को यात्रा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कांवड़ यात्रा केवल धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि आस्था, अनुशासन, सेवा और सामाजिक एकता का प्रतीक है। भगवान शिव के प्रति श्रद्धा और समर्पण के साथ हजारों श्रद्धालु हर वर्ष हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर अपने-अपने शिवालयों तक पहुंचते हैं। उन्होंने कहा कि शिवभक्तों की सेवा करना भी भगवान शिव की सेवा के समान है।
नवीन बंटी ने कहा कि युवाओं में धार्मिक और सामाजिक संस्कारों को मजबूत करने में ऐसे आयोजनों की महत्वपूर्ण भूमिका है। कांवड़ यात्रा के माध्यम से युवाओं में सेवा, सहयोग, अनुशासन और भाईचारे की भावना मजबूत होती है। उन्होंने सभी शिवभक्तों से यात्रा के दौरान आपसी भाईचारा बनाए रखने और प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने का आह्वान किया।
नवीन बंटी ने कहा कि बाबा भोलेनाथ सभी शिवभक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण करें और क्षेत्र में सुख-शांति, समृद्धि एवं खुशहाली बनाए रखें। उन्होंने कांवड़ यात्रियों के सुरक्षित आवागमन और सफल यात्रा की कामना करते हुए कहा कि हर-हर महादेव के जयघोष के साथ यह यात्रा श्रद्धा और उत्साह के साथ अपने गंतव्य तक पहुंचेगी। भोलेनाथ के भजनों के बीच श्रद्धालुओं ने नवीन बंटी को साथ हर हर महादेव, बम-बम भोले के जयकारे लगाए। यात्रा के रवाना होने के साथ ही गांव सोलधा का माहौल पूरी तरह शिवमय हो गया।
कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे news4himachal@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।


