जयपुर,(सुरेन्द्र कुमार सोनी) । पुलिस आयुक्त जयपुर श्री सचिन मित्तल के निर्देशन में एवं विशेष पुलिस आयुक्त श्री ओमप्रकाश के सुपर विजन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सीएसटी (CST) टीम ने थाना जवाहर नगर क्षेत्र की सिंधी कॉलोनी स्थित रॉयल अपार्टमेंट की तीसरी मंजिल पर संचालित एक फर्जी कॉल सेंटर पर कार्रवाई करते हुए उसके संचालक सलमान सहित कुल 11 युवक एवं युवतियों को मौके पर पाया।
श्री ओमप्रकाश ने बताया कि कार्रवाई के दौरान सीएसटी टीम ने मौके से 15 कंप्यूटर, 2 लैपटॉप एवं 9 मोबाइल फोन बरामद किए। उन्होंने बताया कि पूछताछ एवं तकनीकी विश्लेषण में सामने आया कि इस कॉल सेंटर के माध्यम से राजस्थान सहित अन्य राज्यों के लोगों को ई-मित्र आईडी उपलब्ध कराने तथा ई-मित्र पर मिलने वाली विभिन्न सेवाओं के नाम पर रोजगार उपलब्ध कराने का झांसा दिया जाता था।
उपायुक्त (अपराध) श्री संजीव नैन ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों द्वारा अलग-अलग व्यक्तियों से 40 हजार से 70 हजार रुपये तक की राशि वसूली गई, लेकिन न तो उन्हें वादा की गई सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं और न ही रोजगार से संबंधित सेवाएं दी गईं। श्री नैन ने बताया कि पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह भी पता चला है कि यह कॉल सेंटर पिछले दो से तीन वर्षों से संचालित किया जा रहा था। मामले में बरामद इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों एवं अन्य साक्ष्यों का गहन परीक्षण किया जा रहा है। पुलिस पूरे नेटवर्क, आर्थिक लेन-देन तथा इससे जुड़े अन्य व्यक्तियों की भूमिका की विस्तृत जांच कर रही है

कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे news4himachal@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।


