गजसिंहपुर.(यश कुमार)। नगरीय विकास, आवास एवं स्वायत्त शासन विभाग राजस्थान सरकार के निर्देशानुसार सोमवार को नगरपालिका गजसिंहपुर भवन में “शहरी सेवा शिविर-2026” का आयोजन किया गया। अधिशाषी अधिकारी लाजपत बिश्नोई के नेतृत्व में आयोजित इस शिविर में आमजन की समस्याओं का मौके पर ही समाधान कर राहत प्रदान की गई। शिविर में राजस्व निरीक्षक राजेश कुमार, सहायक प्रशासनिक अधिकारी गोपाल कृष्ण सहित नगरपालिका के समस्त कर्मचारी एवं विभिन्न विभागों के कार्मिक उपस्थित रहे। शिविर का उद्देश्य नागरिकों को एक ही स्थान पर नगरपालिका से जुड़ी सेवाएं उपलब्ध कराना था। शिविर के दौरान बिजली, जल तथा संपत्ति विक्रय के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र यानी एनओसी से संबंधित 2 आवेदनों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। साथ ही एक आवासीय पट्टा तैयार कर संबंधित लाभार्थी को तत्काल वितरित किया गया। इससे वर्षों से प्रक्रिया में उलझे आवेदकों को बड़ी राहत मिली। शिविर में अधिकारियों ने आमजन को नगरपालिका एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी फ्लैगशिप योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी अधिकारियों ने नागरिकों से आह्वान किया कि वे इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अन्य जरूरतमंदों को भी जागरूक करें। इस दौरान स्थानीय नागरिकों ने सफाई व्यवस्था में सुधार, बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत तथा आवारा पशुओं की समस्या से संबंधित शिकायतें दर्ज कराईं। अधिकारियों ने संबंधित शाखाओं को निर्देश देकर अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही समाधान करवाया शिविर के समापन पर अधिशाषी अधिकारी लाजपत बिश्नोई ने कहा कि सरकार का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक सेवाएं पहुंचाना है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे आगामी शिविरों की जानकारी प्राप्त कर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं का अधिकतम लाभ उठाएं। नागरिकों ने शिविर के सफल आयोजन पर नगरपालिका प्रशासन का आभार जताया।
कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे news4himachal@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।


