सभी अधिकारी जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए लोगों की समस्याओं का प्रभावी ढंग से समाधान करें:आयुक्त।
June 12th, 2026 | Post by :- | 10 Views

अंबाला:अशोक शर्मा:                                                                              नगर निगम आयुक्त विरेंद्र सिंह सहरावत ने शुक्रवार को उपायुक्त कार्यालय के सभागार में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए सीएम विंडो के माध्यम से प्राप्त शिकायतों की समीक्षा की तथा उनके त्वरित एवं प्रभावी समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त विराट भी उपस्थित रहे।
इससे पहले हरियाणा के शहरी स्थानीय निकाय विभाग के आयुक्त एवं सचिव अशोक कुमार मीणा ने चंडीगढ़ से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सीएम विंडो से संबंधित शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा हेतु राज्य स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में उपायुक्तों एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों को शिकायतों के शीघ्र समाधान के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक के दौरान नगर निगम आयुक्त विरेंद्र सिंह सहरावत ने सीएम विंडो पर प्राप्त शिकायतों की विस्तारपूर्वक समीक्षा करते हुए कहा कि आमजन की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित एवं संतोषजनक समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित शिकायतों का आपसी समन्वय स्थापित कर शीघ्र निपटान करें। इसके साथ-साथ वीसी में जो दिशा-निर्देश मिले हैं उनकी अनुपालना के तहत कार्य करें। इसके साथ-साथ उन्होंने समाधान शिविरों में प्राप्त शिकायतों के भी निर्धारित समय सीमा में निस्तारण के निर्देश दिए।
नगर निगम आयुक्त ने कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा नागरिकों की समस्याओं के त्वरित एवं संतोषजनक समाधान के उद्देश्य से समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। सभी अधिकारी जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए लोगों की समस्याओं का प्रभावी ढंग से समाधान करें।
बैठक में नगराधीश अभिषेक गर्ग, अतिरिक्त आयुक्त नगर निगम दीपक सूरा, डीएसपी जगबीर सिंह, डीडीपीओ दिनेश शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे news4himachal@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।