(अतिरिक्त मुख्य सचिव ने की दादूदयाल घुमन्तू सशक्तीकरण योजना की समीक्षा) योजना के बेहतर क्रियान्वयन के लिए अधिकारियों को दिए दिशा-निर्देश
जयपुर,(सुरेन्द्र कुमार सोनी) । सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री दिनेश कुमार ने बुधवार को दादूदयाल घुमन्तू सशक्तीकरण योजना के क्रियान्वयन की समीक्षा के लिए राज्य स्तरीय मॉनिटरिंग एवं अन्तर्विभागीय समन्वय समिति की बैठक ली और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। श्री दिनेश कुमार ने सचिवालय स्थित अपने कक्ष में आयोजित बैठक में विमुक्त, घुमन्तू एवं अर्द्धघुमन्तू आवासीय विद्यालय, छात्रावास, साइकिल वितरण, छात्रा स्कूटी वितरण, उत्तर मैट्रिक छात्रवृत्ति, पूर्व मैट्रिक छात्रवृत्ति, इन जातियों के बच्चों को नवजीवन योजनान्तर्गत प्रतिष्ठित विद्यालयों में शिक्षा की व्यवस्था करने के संबंध में चर्चा की गई। इस दौरान मुख्यमंत्री घुमन्तू आवास योजना, मनरेगा की राशि तथा स्वच्छ भारत मिशन के तहत स्वच्छ शौचालय के लिए दी जाने वाली राशि स्वीकृत करने की प्रक्रिया, शहरी क्षेत्र में घुमन्तू आवास योजना के क्रियान्वयन की समीक्षा की गई। साथ ही विमुक्त, घुमन्तू एवं अर्द्धघुमन्तू परिवारों का सर्वे एवं सर्वेक्षित पट्टेधारी परिवारों एवं पूर्व में किसी अन्य आवास योजना से वंचित घुमन्तू परिवारों की सूचना विभागीय जिलाधिकारियों को उपलब्ध करवाने पर चर्चा की गई। बैठक में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता के निदेशक श्री ललित कुमार, संयुक्त सचिव, वित्त श्री प्रताप सिंह, उप सचिव पंचायती राज श्री भारत भूषण गोयल, अतिरिक्त निदेशक नगरीय विकास श्री सौरव सिंह, कला एवं संस्कृति विभाग की उपसचिव डॉ अनुराधा गोगिया, पुरातत्व एवं संग्रहालय विभाग की संयुक्त निदेशक श्रीमती चंद्रकांता शर्मा, अतिरिक्त निदेशक श्रीमती नसीम खान, श्रीमती रीना शर्मा, श्री अशोक कुमार जांगिड़, श्री अरविंद सैनी सहित संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।





