गजसिंहपुर,(यश कुमार)। शहर में इन दिनों सफाई व्यवस्था खुद ही लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गई है गंदे नालों की सफाई के नाम पर निकाली गई गंदगी को बाजार और मुख्य स्थानों पर ही छोड़ दिया गया है,जिससे शहरवासियों का जीना मुश्किल हो गया है। बदबू और गंदगी के कारण आमजन खासे परेशान नजर आ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि नगर पालिका प्रशासन एक तरफ से व्यवस्थित तरीके से सफाई करता और गंदगी को तुरंत उठाकर निस्तारण करता,तो हालात इतने खराब नहीं होते। लेकिन लापरवाही के चलते शहर के कई हिस्सों में कचरे के ढेर लग गए हैं, जिससे संक्रमण फैलने का खतरा भी बढ़ गया है। सूत्रों के अनुसार, इस पूरे मामले में ठेकेदारी व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। लोगों में चर्चा है कि सफाई कार्य में पारदर्शिता की कमी है और कहीं न कहीं मिलीभगत के चलते काम अधूरा और अव्यवस्थित तरीके से किया जा रहा है। इधर, शहरवासी अब जागरूक होते नजर आ रहे हैं और प्रशासन से जवाब मांग रहे हैं। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सफाई व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया, तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे। नगर पालिका प्रशासन की इस लापरवाही ने साफ कर दिया है कि जिम्मेदारों की अनदेखी का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। अब देखना यह होगा कि प्रशासन कब तक इस समस्या का समाधान करता है ।





