(गणगौर महोत्सव 2026) जयपुर में शाही लवाजमे के साथ निकली गणगौर की सवारी,बिखरी राजस्थानी संस्कृति की छटा
March 23rd, 2026 | Post by :- | 51 Views

जयपुर,(सुरेन्द्र कुमार सोनी) । राजस्थान में शनिवार को सुहाग का पर्व गणगौर पर्व पूरे उत्साह, श्रद्धा और उमंग के साथ मनाया गया। राजधानी जयपुर सहित कई बड़े शहरों में गणगौर की शाही लवाजमे के साथ सवारी निकाली गई। जयपुर में गणगौर की शाही सवारी सिटी पैलेस की जनानी ड्योढ़ी से शुरू होकर तालकटोरा पहुंची। इसे देखने के लिए जनसैलाब उमड़ पड़ा। देशी-विदेशी सैलानी भी माता की सवारी देखने पहुंचे। लोक कलाकारों ने राजस्थानी संस्कृति की छटा बिखेरी। जयपुर में पर्यटन विभाग की ओर से 21 और 22 मार्च को गणगौर फेस्टिवल मनाया गया। राजधानी में शनिवार शाम को पारंपरिक गणगौर माता की सवारी सिटी पैलेस से रवाना हुई। लाल परिधान में कीमती आभूषणों से सजी गणगौर माता चांदी की पालकी में विराजमान थीं,लोगों ने गणगौर माता के दर्शन करके पुष्प बरसाए और सुख-सौभाग्य का आशीर्वाद मांगा। यहां से गणगौर की सवारी हाथी-घोड़े-ऊंट के लवाजमे के साथ त्रिपोलिया गेट से निकाली गई तथा इससे पहले जनानी ड्योढ़ी में पूजा की गई। यह सवारी छोटी चौपड़ और गणगौरी बाजार होते हुए तालकटोरा पहुंचकर विसर्जित हुई। इस दौरान लोक कलाकारों ने प्रसिद्ध घोड़ी नृत्य, कालबेलिया नृत्य,कठपुतली नृत्य,कच्ची घोड़ी नृत्य समेत कई प्रस्तुतियां दी। शहनाई, मशक,रावणहत्था और भपंग की मधुर ध्वनियों ने वातावरण को सुरमई बना दिया। बहरूपिए, मांगणियार गायन, कठपुतलियां और चांग जैसे पारंपरिक लोकरूप शोभायात्रा को आकर्षक बना रहे थे।
पर्यटन विभाग के डिप्टी डायरेक्टर उपेंद्र सिंह शेखावत ने बताया कि गणगौर फेस्टिवल कार्यक्रम के दौरान 210 लोक कलाकारों ने प्रदेश की लोक कला और संस्कृति की छटा बिखेरी। त्रिपोलिया गेट से गणगौर माता की सवारी निकली,तो उनके दर्शन करने और कैमरे में कैद करने के लिए देशी-विदेशी पर्यटकों का हुजूम उमड़ पड़ा। पर्यटन विभाग की ओर से विदेशी मेहमानों के लिए त्रिपोलिया गेट के सामने छत पर बैठने की व्यवस्था की गई। इस बार राजस्थान फाउंडेशन के माध्यम से गणगौर की सवारी का लाइव प्रसारण भी किया गया। पर्यटन विभाग के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी इस भव्य आयोजन का सीधा प्रसारण हुआ। गणगौर माता की सवारी के दौरान पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्थाएं चाक-चौबंद की गईं। चप्पे-चप्पे पर पुलिस के जवान तैनात किए गए। पुलिस के आला अधिकारी भी मौके पर मॉनिटरिंग करते हुए नजर आए। जयपुर पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल, डीसीपी, एडिशनल डीसीपी, एसीपी और एसएचओ गणगौर माता की सवारी में सुरक्षा व्यवस्थाओं पर मौजूद रहे।

कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे editorlokhit@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।