Uncategorized उत्तर प्रदेश चंडीगढ छत्तीसगढ़ पंजाब मुख्य खबरें राजस्थान हरियाणा हिमाचल प्रदेश

एलपीजी की किल्लत और बढ़ती कीमतों के खिलाफ प्रदेश अध्यक्ष की अगुवाई में अंबाला में कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन

■ वैश्विक संकट और युद्ध की आड़ में केंद्र सरकार आम जनता पर महंगाई का बोझ डाल रही है – राव नरेंद्र सिंह

Lokhit Express, Yamunanagar/Ambala: 13/03/26 : हरियाणा में एलपीजी की बढ़ती कीमतों और किल्लत के खिलाफ कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। अंबाला में हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह की अगुवाई में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर उतरकर केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और प्रदर्शन किया। इस धरना प्रदर्शन में हरियाणा प्रदेश के सह प्रभारी जितेंद्र बघेल,प्रफुल्ल गुडथे विशेष रूप से मौजूद रहे। जानकारी देते हुए हरियाणा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने बताया कि
यह प्रदर्शन हाल ही में घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत में लगभग 60 रुपये और कमर्शियल सिलेंडर में 115 रुपये की बढ़ोतरी के विरोध में आयोजित किया गया।
उन्होंने ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की नीतियों और वैश्विक संकट (जैसे पश्चिम एशिया में संघर्ष) के नाम पर आम जनता पर महंगाई का बोझ डाला जा रहा है, जबकि सरकार एलपीजी की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करने में नाकाम साबित हो रही है।
प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा, “भाजपा ने सत्ता में आने से पहले 500 रुपये में गैस सिलेंडर देने का वादा किया था, लेकिन अब कीमतें आसमान छू रही हैं। आम परिवारों का बजट बिगड़ रहा है, ढाबे-होटल बंद होने की कगार पर हैं। यदि दाम नहीं घटाए गए तो हरियाणा भर में बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा।”
अंबाला में प्रदर्शनकारियों ने ‘महंगाई हटाओ’, ‘एलपीजी सस्ता करो’ जैसे नारे लगाए। कई जगहों पर चूल्हा जलाकर प्रतीकात्मक विरोध भी दिखाया गया, ताकि रसोई गैस की किल्लत से आम आदमी की परेशानी को उजागर किया जा सके। अंबाला के ढाबा संचालकों ने भी बताया कि कमर्शियल सिलेंडर न मिलने से उनके चूल्हे ठंडे पड़ गए हैं और कारोबार प्रभावित हो रहा है। इस पर बोलते हुए राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि जनता की इस परेशानी पर केंद्र सरकार की चुप्पी, इस बात की ओर इशारा कर रही है कि सरकार को जनता की परेशानियां से कोई लेना-देना नहीं है। राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि
यह प्रदर्शन देशभर में कांग्रेस की ओर से चलाए जा रहे विरोध का हिस्सा है, जहां संसद में भी हंगामा हुआ और कई राज्यों में धरना-प्रदर्शन हो रहे हैं। कांग्रेस ने मांग की है कि एलपीजी कीमतों में तत्काल कमी की जाए, सब्सिडी बढ़ाई जाए और आपूर्ति सुचारू रूप से सुनिश्चित की जाए नहीं तो कांग्रेस सड़कों पर उतरकर संघर्ष करेगी और सरकार को झुकाने के लिए व्यापक आंदोलन करेगी। इस प्रदर्शन के दौरान हरियाणा कांग्रेस विधायक निर्मल सिंह, शैली चौधरी, पूजा चौधरी, पूर्व विधायक जसबीर सिंह मलौर, अंबाला से जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पवन अग्रवाल, दुष्यंत चौहान व परविंदर सिंह परी, हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के समस्त जिला अध्यक्ष, हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया एवं कार्यालय प्रभारी श्री संजीव भारद्वाज, हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्षा पर्ल चौधरी एवं , वीरेंद्र सोमा, पूर्व अध्यक्षा सुधा भारद्वाज, हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व कोषाध्यक्ष श्री रोहित जैन एवं कांग्रेस के कई पदाधिकारी एवं सैकड़ो कार्यकर्ता मौजूद रहे।

LEAVE A RESPONSE

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Tarun Sharma Senior Journalist Haryana.