थाना शहर यमुनानगर प्रभारी थाने में तैनात सभी अनुसंधान अधिकारियों की बैठक लेकर दिए आवश्यक दिशा निर्देश
लोकहित एक्सप्रेस, यमुनानगर। 01/03/2026 : पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल के निर्देशानुसार थाना शहर यमुना नगर प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र सिंह ने थाना के प्रांगण में थाने में तैनात सभी अनुसंधान अधिकारियों की बैठक लेकर उनके कार्यों की समीक्षा कर, आवश्यक दिशा निर्देश दिए। थाना प्रभारी ने कहा कि गैर कानूनी धंधा करने वालों तथा अपराध व अपराधियों की खोज खबर लेकर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए तथा आदतन अपराधियों को समय समय पर चैक कर उनकी गतिविधियों पर पैनी नजर रखें और महिला विरुद्ध अपराधों को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई करें।
उन्होंने अनुसंधान अधिकारियों को निर्देश दिए कि पीएम विंडो, सीएम विंडो व हरसमय पोर्टल पर आने वाली शिकायतों का निश्चित समय अवधि में निपटारा कर सही समय पर जबाव भेजे तथा थाना में आए फरियादियों की फरियाद सुन कर शीघ्र अति शीघ्र न्याय दिलवाएं, ताकि लोग अपने आप को सुरक्षित महसूस करें और समाज में पुलिस की एक बेहतर छवि नजर आए। आधुनिक टेक्नोलॉजी से अपने आप को पूरी तरह प्रशिक्षित रखें और उच्च अधिकारियों के निर्देशो की पालना करते हुए मांगे गए जबाव को निश्चित समय अवधि में भेजना सुनिश्चित करें। थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए विशेष सावधानी व सतर्कता बरतें और अधिक से अधिक चेकिंग व गश्त की जाए ताकि गृहभेदन व वाहन चोरी जैसी घटनाओं की पुनरावृति ना हो।
थाना प्रभारी ने आमजन से अपील की है कि यदि आपके आसपास कोई भी असामाजिक तत्व, संदिग्ध व्यक्ति या वाहन दिखाई दे यहां किसी प्रकार की आपातकालीन स्थिति में तुरंत संबंधित थाना या डायल 112 पर उसकी सूचना दें ताकि समय रहते हुए घटना पर अकुंश लगाया जा सके और अपराध में संलिप्त अपराधी को कड़ी से कड़ी सजा मिल सके। सूचना देने वाले का नाम गुप्त रखा जाएगा।





