मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने चण्डीगढ से आयोजित वीसी के माध्यम से हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा 10वीं व 12वीं की वार्षिक परीक्षाओं तैयारियों की समीक्षा की।
अंबाला:अशोक शर्मा।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने चण्डीगढ से आयोजित वीसी के माध्यम से हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा 10वीं व 12वीं की वार्षिक परीक्षाओं के दृष्टिगत की गई तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी परीक्षाएं पारदर्शी व नकलरहित करवाने बारे आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस मौके पर उनके साथ शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा व अन्य उच्च प्रशासनिक अधिकारीगण भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने परीक्षाओं के दृष्टिगत की गई व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए कहा कि सभी परीक्षा केन्द्रों पर पुलिस व्यवस्था के साथ-साथ अन्य व्यवस्थाएं ठीक होनी चाहिए ताकि सभी जगहों पर परीक्षाओं का सफलतापूर्वक आयोजन करवाया जा सके। उन्होंने कहा कि परीक्षा केन्द्रों के नजदीक अनावश्यक भीड़ भी नहीं होनी चाहिए। जो हिदायतें जारी की गई है उसकी अनुपालना सुनिश्चित होनी चाहिए, बेहतर माहौल होना चाहिए ताकि परीक्षार्थी अच्छे ढंग से परीक्षा दे सके। उन्होंने यह भी कहा कि गांवों के सरपंचों के साथ भी बैठक लें ताकि ग्रामीण क्षेत्र में जहां पर भी परीक्षा केन्द्र हैं वहां पर भी परीक्षा का सफलतापूर्वक आयोजन हो सके। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दृष्टिगत किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
उपायुक्त अजय सिंह तोमर ने मुख्यमंत्री को अवगत करवाते हुए बताया कि जिला अम्बाला में परीक्षाओं के तहत 56 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं जिनमें से 42 शहरी क्षेत्र में तथा 14 ग्रामीण क्षेत्र में शामिल रहेंगे। सभी परीक्षा केन्द्रों पर पुलिस की व्यापक व्यवस्था रहेगी। इसके साथ-साथ परीक्षा के दिनों में परीक्षा केन्द्रों के नजदीक भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत आदेश जारी किए गए हैं। उन्होंने यह भी बताया कि जिला अम्बाला में कोई भी संवेदनशील व अति संवेदनशील परीक्षा केन्द्र नहीं है। उन्होंने यह भी बताया कि परीक्षा के दृष्टिगत जो आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं उसकी अनुपालना सुनिश्चित होगी।
इस मौके पर एसडीएम दर्शन कुमार, नगराधीश अभिषेक गर्ग, जिला शिक्षा अधिकारी सुधीर कालडा, डीआईओ अंकित, बीईओ ज्योति सभ्रवाल के साथ-साथ अन्य सम्बन्धित मौजूद रहे।





