चंडीगढ

*सिक्योरिटी गार्डों को डीसी रेट व श्रम अधिकार दिलाने की मांग, प्रधानमंत्री को पत्र*

चंडीगढ़। विश्व हिंदू परिषद चंडीगढ़ (पंजाब प्रांत) के पूर्व सोशल मीडिया प्रभारी महंत मनोज शर्मा ने देशभर में कार्यरत सिक्योरिटी गार्डों (चौकीदारों) के हितों की रक्षा को लेकर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री श्री अमित शाह को पत्र लिखकर हस्तक्षेप की मांग की है।

अपने पत्र में उन्होंने कहा है कि विभिन्न निजी सुरक्षा कंपनियों द्वारा कई स्थानों पर सिक्योरिटी गार्डों को निर्धारित डीसी रेट के अनुरूप वेतन नहीं दिया जा रहा है। आरोप है कि कंपनियां मनमानी दरों पर भुगतान कर श्रम कानूनों की भावना के विपरीत कार्य कर रही हैं।

महंत मनोज शर्मा ने यह भी उल्लेख किया, कि अनेक जगहों पर सुरक्षा कर्मियों से 12 घंटे या उससे अधिक समय तक ड्यूटी करवाई जा रही है, जबकि उन्हें साप्ताहिक अवकाश, ओवरटाइम का समुचित भुगतान तथा ईएसआई और पीएफ जैसी वैधानिक सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं कराई जा रहीं। उन्होंने कहा कि “सिक्योरिटी गार्ड भी इंसान हैं, मशीन नहीं। उन्हें पर्याप्त विश्राम और सम्मानजनक कार्य-परिस्थितियां मिलनी चाहिए।”

उन्होंने पत्र में यह भी चिंता जताई कि यदि सुरक्षा कर्मियों को उचित वेतन और आराम नहीं मिलेगा तो वे पूरी एकाग्रता और सतर्कता के साथ अपनी सेवाएं नहीं दे पाएंगे, जिससे संस्थानों और देश की सुरक्षा पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।

पत्र के माध्यम से उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की है कि देशभर में निजी सुरक्षा कंपनियों की जांच करवाई जाए, सभी गार्डों को संबंधित प्रशासन द्वारा निर्धारित डीसी रेट के अनुसार वेतन सुनिश्चित कराया जाए, 8 घंटे की ड्यूटी एवं ओवरटाइम भुगतान लागू किया जाए तथा उल्लंघन करने वाली कंपनियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए।

महंत मनोज शर्मा ने विश्वास जताया कि सरकार श्रमिकों के हितों की रक्षा हेतु शीघ्र निर्णय लेकर लाखों सिक्योरिटी गार्डों को उनका अधिकार दिलाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाएगी ।

LEAVE A RESPONSE

Your email address will not be published. Required fields are marked *