चंडीगढ

*धनतेरस पर ट्राइसिटी में खरीदारी की धूम, सजे बाजारों में उमड़ा जनसैलाब*

मनोज शर्मा, चंडीगढ़। कार्तिक मास की त्रयोदशी तिथि पर मनाया जाने वाला धनतेरस पर्व इस बार ट्राइसिटी में बड़ी धूमधाम से मनाया गया। सुबह से ही बाजारों में रौनक देखने को मिली और शाम तक चहल-पहल बनी रही। इस दिन को धन और समृद्धि का प्रतीक माना जाता है तथा दीपावली पर्व की शुरुआत भी इसी दिन से होती है।
बर्तनों,सर्राफा,और इलेक्ट्रॉनिक सामान की दुकानों को विशेष रूप से सजाया गया था। दुल्हन की तरह सजे बाजारों में लोगों ने सोना,चांदी, बर्तन और इलेक्ट्रॉनिक वस्तुओं की जमकर खरीदारी की। वहीं नई गाड़ियों और बाइकों की बुकिंग भी कई दिन पहले से शुरू हो चुकी थी।
व्यापारी अमित गुप्ता ने बताया कि धनतेरस का दिन व्यापारियों के लिए बेहद शुभ रहता है। लोगों ने पूरे उत्साह के साथ खरीदारी की और इस साल बिक्री में अच्छा उछाल देखने को मिला।
लोगों ने अपने-अपने रीति-रिवाजों के अनुसार बर्तन,सिक्के और गाड़ियां खरीदीं। शुभ मुहूर्त में कई नई गाड़ियां,स्कूटी और बाइकें सड़कों पर उतरीं। सर्राफा बाजारों में भी दिनभर भीड़ रही और सोने-चांदी के सिक्कों की बिक्री में उत्साहजनक बढ़ोतरी दर्ज की गई।
ट्राइसिटी के बाजारों में धनतेरस का उल्लास देर रात तक बना रहा और रोशनी से जगमग शहर ने दीपावली पर्व की शुरुआत का स्वागत किया।

LEAVE A RESPONSE

Your email address will not be published. Required fields are marked *