सोनीपत से अश्वनी गोयल की रिपोर्ट
एसडीएम सोनीपत सुभाष चंद्र ने मंगलवार को यमुना नदी का दौरा किया और जलस्तर की स्थिति का जायज़ा लिया। उन्होंने बताया कि कल की अपेक्षा आज यमुना के जलस्तर में काफी गिरावट आई है और फिलहाल खतरे की कोई स्थिति नहीं है।
एसडीएम ने किसानों और आसपास के ग्रामीणों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें। उन्होंने कहा कि सिंचाई विभाग और जिला प्रशासन की टीमें लगातार यमुना नदी के जलस्तर पर निगरानी रख रही हैं। यदि हथिनीकुंड बैराज से पानी छोड़े जाने संबंधी कोई सूचना प्राप्त होती है, तो प्रशासन उसकी जानकारी समय से पहले जनता तक पहुँचा देगा। उन्होंने आश्वस्त किया कि यमुना में जल की स्थिति पूरी तरह सामान्य है और किसी को घबराने की आवश्यकता नहीं है।
इस मौके पर एसडीएम ने ताजपुर से मलिकपुर रोड का भी निरीक्षण किया और जल निकासी की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने बीडीपीओ मुरथल को निर्देश दिए कि अतिरिक्त पंप की व्यवस्था कर जल्द से जल्द पानी की निकासी सुनिश्चित की जाए। इसके अतिरिक्त, उन्होंने बहालगढ़ क्षेत्र का भी दौरा किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।





