गजसिंहपुर,(यश कुमार)। नगरपालिका चुनाव में ताल ठोक रहे कई बड़े चेहरों की स्थिति नाज़ुक बनी हुई है। यहां तक कि कई दिग्गजों की जमानत तक जब्त होने के आसार बन रहे हैं। नगरपालिका गजसिंहपुर के सभी 20 वार्डों में किए गए सर्वे की रिपोर्ट के अनुसार इस बार नतीजे बहुत ही चौंकाने वाले रहने वाले हैं। बात मुख्य दलों की करें या निर्दलीय उम्मीदवारों की, कई बड़े चेहरे जो सोशल मीडिया पर बड़े-बड़े दावे कर रहे हैं और एआई तकनीक से बने लुभावने पोस्टरों में स्वयं भू मसीहा बने हुए हैं, ऐसे उम्मीदवारों की गजसिंहपुर में भरमार है। लेकिन धरातल पर स्थिति बहुत ही नाजुक है। सर्वे के अनुसार एक तिहाई चेहरे तो ऐसे हैं जिनकी जमानत जब्त होती साफ दिख रही है। मतदाता इस बार बहुत ही सजग है। सभी वोट मांगने वालों को हामी तो भरी जा रही है, लेकिन मन में कुछ और ही चल रहा है। कहीं न कहीं भीतरघात कई उम्मीदवारों का खेल बिगाड़ रहा है। कई उम्मीदवार ऐसे हैं जिनके परिजन ही अन्य वार्डों में दूसरे दल या निर्दलीय प्रत्याशी को समर्थन कर रहे हैं। ऐसा करने के पीछे पारिवारिक संबंधों का हवाला दिया जा रहा है। इस पर जनता सवाल उठा रही है कि जब चुनाव लड़ रहे नेता और उनके परिजन ही आपस में संबंध स्थापित कर रहे हैं, तो जनता क्यों दूसरों से अपना व्यवहार खराब करे। इस भीतरघात से दोनों ही मुख्य दलों कांग्रेस और भाजपा को भारी नुकसान होता दिख रहा है। अब देखना होगा कि सोशल मीडिया की चमक-दमक भारी पड़ेगी या धरातल पर जनता से जुड़ा उम्मीदवार बाजी मारेगा।
कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे editorlokhit@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।


