गजसिंहपुर की जनता का टूटा भरोसा, 14 सितम्बर को होगा फैसला
September 4th, 2026 | Post by :- | 15 Views
गजसिंहपुर की जनता का टूटा भरोसा, 14 सितम्बर को होगा फैसला

गजसिंहपुर,(यश कुमार)। नगर निकाय चुनाव की सरगर्मियां तेज होने के साथ ही अब गजसिंहपुर की जनता का मूड भी बदला-बदला नजर आ रहा है। सोशल मीडिया पर वायरल पोस्टों और स्थानीय चौपालों पर चल रही चर्चाओं से साफ है कि जनता अब नेताओं के खोखले वादों से परेशान हो चुकी है और किसी भी उम्मीदवार पर भरोसा करने को तैयार नहीं है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि हर बार की तरह इस बार भी प्रत्येक प्रत्याशी स्वच्छ पानी, 24 घंटे बिजली, पक्की सड़कें और नालियां बनाने के दावे कर रहे हैं। जबकि हकीकत यह है कि गजसिंहपुर की जनता को हर बार निराशा ही हाथ लगी है। चुनाव जीतने के बाद प्रत्याशी वार्डों में कोई ठोस काम नहीं करते और जनता हर बार की तरह मूक दर्शक बनी रह जाती है स्थानीय जनता इस बार एक ऐसे उम्मीदवार की तलाश में है जो फोटो खिंचवाने से ज्यादा काम करने पर विश्वास रखता हो। लोगों का कहना है कि चुनावी सीजन में वादे तो हर कोई करता है, पर उस पर खरे उतरने की हिम्मत किसी में नहीं है। जनता इन नेताओं के खोखले और झूठे वादों से तंग आ चुकी है मतदाताओं का कहना है कि कांग्रेस और भाजपा दोनों ही पार्टियों ने ऐसे उम्मीदवार मैदान में उतारे हैं जिन पर भरोसा कर पाना मुश्किल हो गया है। जब पूर्व नेताओं ने जनता को कुछ कर दिखाने से ज्यादा दलाली खाने का काम किया है तो नए चेहरों से क्या उम्मीद की जा सकती है, यह बड़ा सवाल है। हालांकि प्रत्येक वार्ड में एक उम्मीदवार का जीतना तय है। अब देखना यह होगा कि जीत निश्चित हो जाने के बाद पार्षद अपने वार्ड में जनता का विश्वास जीत पाते हैं या हर बार की तरह इस बार भी जनता को परेशानियों का सामना करना होगा। इसका फैसला अब जनता के हाथ में है, जिसका परिणाम 14 सितंबर को मतपेटियों से साफ हो जाएगा।

कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे editorlokhit@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।