परमानंद डिग्री कॉलेज में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया स्वतंत्रता दिवस, देशभक्ति गीतों और पुरस्कार वितरण से गूंजा परिसर
August 15th, 2026 | Post by :- | 32 Views

गजसिंहपुर.(यश कुमार)। परमानंद डिग्री कॉलेज में स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में सभी अध्यापकगण एवं छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति और उत्साह के साथ भाग लेकर पूरे परिसर को तिरंगे के रंग में रंग दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रीय गान के साथ हुआ। इसके बाद स्वागत गीत, भक्ति गीत एवं पंजाबी गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित सभी का मन मोह लिया। विद्यार्थियों ने देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत नृत्य, गीत और कविता प्रस्तुत कर माहौल को यादगार बना दिया। इस अवसर पर शिक्षा, खेल एवं अन्य विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं सम्मान पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विजेताओं की उपलब्धियों को सराहा गया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्राचार्या डॉ. एम.सी. भारद्वाज ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें देश के शहीदों के बलिदान को याद करने और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की प्रेरणा देता है। कार्यक्रम में बी.एड. कॉलेज की डॉ. मीना चावला एवं डॉ. शालू कटारिया ने भी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला और सभी को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। समस्त महाविद्यालय परिवार ने राष्ट्रप्रेम, एकता, भाईचारे एवं देश की अखंडता का संदेश देते हुए स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया। कार्यक्रम के अंत में मिठाई वितरण किया गया और सभी ने “वंदे मातरम” और “भारत माता की जय” के नारों के साथ समारोह का समापन किया।

कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे editorlokhit@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।