गजसिंहपुर,(यश कुमार)। कस्बे में लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या एवं खारे पानी की सप्लाई के विरोध में आज युवाओं ने मुख्य चौक पर एकत्रित होकर जोरदार प्रदर्शन किया युवाओं के साथ बड़ी संख्या में महिलाएं भी प्रदर्शन में शामिल हुईं। प्रदर्शनकारी नारेबाजी करते हुए वाटर वर्क्स पहुंचे जहां मटका फोड़ प्रदर्शन किया गया। इसके बाद प्रदर्शनकारी वाटर वर्क्स के सामने धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों से वार्ता के लिए AEN अमरजीत सिंह, कनिष्ठ अभियंता संदीप कुमार एवं परमवीर सिंह धरना स्थल पर पहुंचे। AEN ने प्रदर्शनकारियों की समस्याएं एवं मांगें सुनीं। करीब दो घंटे तक चली वार्ता में विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई,लेकिन वार्ता पूरी तरह सफल नहीं हो सकी। प्रदर्शनकारियों ने ट्यूबवेल का खारा पानी सप्लाई बंद कर शुद्ध पेयजल उपलब्ध करवाने, गजसिंहपुर में कनिष्ठ अभियंता की नियुक्ति, बंद पड़ी ऑयल मिल की डिग्गियों को अस्थायी रूप से पानी के स्टोरेज के लिए उपयोग में लेने, फिटकरी की नियमित आपूर्ति करने, PHED में स्टाफ बढ़ाने, PHED, स्वास्थ्य एवं खाद्य विभाग से पेयजल की जांच करवाने तथा जिन मोहल्लों में पर्याप्त पानी नहीं पहुंच रहा वहां पाइपलाइन दुरुस्त करने सहित विभिन्न मांगें रखीं। वार्ता में AEN अमरजीत सिंह ने बताया कि 37 बीबी, 38 बीबी, 39 बीबी, 4 बीबीए, 1 एफएफबीए एवं 14 आरबी गांवों को जोड़कर नया वाटर वर्क्स बनाने का प्रस्ताव राज्य सरकार ने मांगा है। इसके लिए विभाग द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि बुधवार एवं गुरुवार को कनिष्ठ अभियंता को गजसिंहपुर में रहने के आदेश जारी किए गए हैं। साथ ही 15 दिन में फिटकरी उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया गया। नहरी पानी आने पर ट्यूबवेल का पानी बंद करने की बात भी कही गई। प्रदर्शन के अंत में युवाओं एवं नागरिकों ने अपनी मांगों के समाधान के लिए प्रशासन एवं विभाग को 15 दिन का अल्टीमेटम दिया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यदि 15 दिन में पेयजल व्यवस्था में ठोस सुधार नहीं हुआ तो बाजार बंद, वाटर वर्क्स पर तालाबंदी अथवा अनिश्चितकालीन धरना जैसे आंदोलनात्मक कदम उठाने पर मजबूर होना पड़ेगा। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि आंदोलन किसी व्यक्ति या अधिकारी के खिलाफ नहीं, बल्कि गजसिंहपुर के नागरिकों को शुद्ध, पर्याप्त एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध करवाने की मांग को लेकर है। धरना-प्रदर्शन में युवाओं के साथ बड़ी संख्या में महिलाओं एवं नागरिकों ने भी भाग लिया। प्रदर्शन में सौरभ बजाज, कुणाल अरोड़ा, जॉनी जुनेजा, डॉ. भूपेंद्र प्रकाश शर्मा, राजकुमार गिरधर, विकास बजाज, मांगी लाल बिश्नोई, दिशु कालडा, सुरेन्द्र गौड़, जगदीश नायक, मोहित कोचर, सुरेश काठपाल, डॉ. श्रवण बिश्नोई, वीरेन्द्र कोचर, श्याम लाल रोज़, पुनीत सतीजा, संजय वर्मा, कपिल थिंद, संजीव थिंद, हैप्पी वधवा, विनोद थिंद, खजान चंद वर्मा इंद्र काठपाल, बंटी अटवाल, मंगत खत्री, जमुना देवी खत्री, कमलजीत हुंदल, सोनू अरोड़ा, हैप्पी मिगलानी, गौरव सोनी, नीरज चावला, हनी मक्कड़ एवं देवीलाल शर्मा सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे editorlokhit@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।


