BAHADURGARH, LOKHIT EXPRESS BUREAU CHIEF (GAURAV SHARMA)

नशे के बढ़ते प्रकोप के खिलाफ समाज में जागरूकता का संदेश देने के उद्देश्य से भगवान शिव की आस्था से जुड़ी विशाल कांवड़ यात्रा शनिवार को घेवरा मोड़ पहुंची। घेवरा मोड़ पर पहुंचने पर विधायक राजेश जून ने कांवड़ यात्रा का स्वागत किया और शिव भक्तों का उत्साह बढ़ाया। विधायक राजेश जून ने भोले बाबा की कांवड़ की विधिवत पूजा-अर्चना की तथा भगवान शिव से क्षेत्रवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। इस दौरान कांवड़ यात्रा लेकर पहुंच रहे अमित मुंढ़ेलिया ने विधायक को अभियान के उद्देश्य के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
अमित मुंढ़ेलिया ने बताया कि आज 15 से 25 वर्ष की आयु का युवा वर्ग तेजी से नशे की गिरफ्त में आ रहा है, जो समाज और देश के भविष्य के लिए गंभीर चिंता का विषय है। इसी चिंता को देखते हुए वह अपनी टीम के सदस्यों के साथ नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश लेकर भगवान शिव की विशाल कांवड़ यात्रा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश की भावी पीढ़ी नशे से दूर रहे और स्वस्थ एवं संस्कारवान समाज का निर्माण हो, इसी मनोकामना के साथ वह भोले बाबा की कांवड़ लेकर निकले हैं।

विधायक राजेश जून ने अमित मुंढ़ेलिया और उनकी पूरी टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने के लिए धार्मिक आस्था को सामाजिक संदेश से जोड़ना सराहनीय पहल है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के अभियान युवाओं और बच्चों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। राजेश जून ने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी ताकत हैं। यदि युवा नशे की गिरफ्त में आएंगे तो इसका सीधा असर परिवार, समाज और राष्ट्र के भविष्य पर पड़ेगा। इसलिए नशे के खिलाफ केवल प्रशासन ही नहीं, बल्कि हर परिवार, सामाजिक संगठन और जागरूक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।
उन्होंने कहा कि भगवान शिव दयालु और कृपालु हैं। सच्चे मन से की गई प्रार्थना और सेवा भावना कभी व्यर्थ नहीं जाती। उन्होंने कांवड़ यात्रियों की मंगलमय यात्रा की कामना करते हुए कहा कि भोले बाबा अमित मुंढ़ेलिया और उनकी टीम की नशामुक्त समाज की मनोकामना पूरी करें तथा युवाओं को गलत रास्ते से बचने की शक्ति दें।
कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे news4himachal@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।


