विधानसभा अध्यक्ष हरविंदर कल्याण व विधायक राजेश जून ने किया पौधारोपण, तिरंगा यात्रा में भी लिया हिस्सा
August 10th, 2026 | Post by :- | 13 Views
विधानसभा अध्यक्ष हरविंदर कल्याण व विधायक राजेश जून ने किया पौधारोपण, तिरंगा यात्रा में भी लिया हिस्सा

 BAHADURGARH, LOKHIT EXPRESS BUREAU CHIEF (GAURAV SHARMA)

छुड़ानी गांव में ब्रह्मलीन पूज्य माता ओमवती जी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंदर कल्याण ने मुख्य अतिथि तथा बहादुरगढ़ के विधायक राजेश जून ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम में दोनों  ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने का संदेश दिया। कार्यक्रम में पहुंचने पर विधानसभा अध्यक्ष हरविंदर कल्याण और विधायक राजेश जून का आयोजकों आनंद सागर, कमल सागर, ग्राम सरपंच सहित अन्य गणमान्य लोगों ने फूलों का गुलदस्ता भेंट कर स्वागत किया और स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मान किया। वहीं विधायक राजेश जून ने भी विधानसभा अध्यक्ष हरविंदर कल्याण का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।

*‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सराहनीय पहल : हरविंदर कल्याण*

हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंदर कल्याण ने पौधारोपण करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का रूप देने के उद्देश्य से शुरू किया गया ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान बेहद सराहनीय पहल है। इस अभियान ने देशभर में लोगों को अपनी मां के सम्मान में पौधा लगाने और उसके संरक्षण के लिए प्रेरित किया है। उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और पर्यावरणीय असंतुलन को देखते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी देखभाल और संरक्षण भी हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि प्रत्येक व्यक्ति पौधारोपण को अपने जीवन का हिस्सा बनाए, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, स्वस्थ और बेहतर वातावरण मिल सके।

*हरियाली बढ़ाने के साथ पौधों का संरक्षण भी जरूरी : राजेश जून*

बहादुरगढ़ के विधायक राजेश जून ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान ने पर्यावरण संरक्षण को भावनात्मक रूप से समाज से जोड़ने का काम किया है। मां के सम्मान में लगाया गया प्रत्येक पौधा केवल एक पेड़ नहीं, बल्कि प्रकृति और आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अधिक से अधिक पौधारोपण करने के साथ-साथ लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे इस अभियान से जुड़कर अपने घर, खेत, सार्वजनिक स्थानों और संस्थानों में पौधे लगाएं और उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षण दें। पौधारोपण कार्यक्रम के बाद विधानसभा अध्यक्ष हरविंदर कल्याण और विधायक राजेश जून ने खुली गाड़ी में सवार होकर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत निकाली गई तिरंगा यात्रा में भाग लिया। हाथों में तिरंगा लेकर निकली यात्रा में देशभक्ति का माहौल देखने को मिला। विधानसभा अध्यक्ष व विधायक  ने आमजन से भारत की आन, बान और शान तिरंगे के सम्मान में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने का आह्वान किया।

*हर घर तिरंगा अभियान राष्ट्र के प्रति गौरव और एकता की भावना को मजबूत करता है : हरविंदर कल्याण*

विधानसभा अध्यक्ष हरविंदर कल्याण ने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान केवल घरों पर राष्ट्रीय ध्वज लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक में राष्ट्र के प्रति सम्मान, गौरव और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने का अभियान है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक देशवासी को इस अभियान से जुड़कर देश की आन-बान-शान तिरंगे का सम्मान करना चाहिए।

*तिरंगा हमारी आन, बान और शान, हर घर पर लहराए राष्ट्रीय ध्वज : राजेश जून*

विधायक राजेश जून ने कहा कि तिरंगा प्रत्येक भारतीय के गौरव और राष्ट्रीय स्वाभिमान का प्रतीक है। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान देशवासियों को एक सूत्र में बांधने और राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने का माध्यम है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से आह्वान किया कि वे अभियान में पूरे उत्साह के साथ भाग लें और अपने घरों पर तिरंगा फहराकर देश के प्रति सम्मान और प्रेम का संदेश दें।

कार्यक्रम में विधायक राजेश जून  ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में चल रही भाजपा सरकार की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक पेड़ मां के नाम’ जैसे अभियानों को धरातल पर उतारते हुए पर्यावरण संरक्षण, हरियाली बढ़ाने और स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों के साथ ऐसे सामाजिक अभियानों में आमजन की भागीदारी बढ़ने से प्रदेश में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है।

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों में भी पौधारोपण और तिरंगा अभियान को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर ग्राम सरपंच, संबंधित अधिकारीगण, आयोजकगण, गणमान्य व्यक्ति और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे news4himachal@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।