जयपुर की पुरानी हवेली में मिला गुप्त खजाना खुर्द-बुर्द करने का खुलासा,5 गिरफ्तार(66.400 किलो चांदी की दो बड़ी सिल्लियां बरामद, करीब 10 महीने पुरानी घटना का पुलिस ने किया खुलासा)
August 9th, 2026 | Post by :- | 7 Views
जयपुर की पुरानी हवेली में मिला गुप्त खजाना खुर्द-बुर्द करने का खुलासा,5 गिरफ्तार(66.400 किलो चांदी की दो बड़ी सिल्लियां बरामद, करीब 10 महीने पुरानी घटना का पुलिस ने किया खुलासा)

जयपुर,(सुरेन्द्र कुमार सोनी) । माणकचौक थाना पुलिस और डीएसटी जयपुर उत्तर ने पारंपरिक पुलिसिंग, तकनीकी अनुसंधान और मुखबिर तंत्र के जरिए करीब 10 महीने पुरानी गुप्त धन और कीमती सामान को खुर्द-बुर्द करने की घटना का खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 66.400 किलोग्राम वजन की चांदी की दो बड़ी सिल्लियां बरामद की हैं। पुलिस के अनुसार, मामला 15 जुलाई 2026 को माणकचौक थाने में दर्ज हुआ था। विद्याधर का रास्ता, त्रिपोलिया बाजार स्थित भवन संख्या 630 को तोड़कर नया भवन बनाने का काम चल रहा था। भवन तोड़ने के दौरान कथित तौर पर ठेकेदार को चांदी की सिल्लियां, चांदी के सिक्के, स्वर्ण कलश और अन्य कीमती सामान मिला था। आरोप है कि यह सामान भवन मालिक को सौंपने और सरकार को सूचना देने के बजाय आरोपियों ने आपस में खुर्द-बुर्द कर लिया। शिकायत में करीब 10 से 15 चांदी की सिल्लियां, 14-15 स्वर्ण कलशों में सोने के सिक्के, 8 से 10 हजार पुराने चांदी के सिक्के सहित अन्य बहुमूल्य संपत्ति मिलने का उल्लेख किया गया था। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों और माल की तलाश शुरू की। पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह थी कि घटना करीब 10 महीने पुरानी थी। इस दौरान भवन को तोड़कर नया निर्माण हो चुका था। तत्काल साक्ष्य उपलब्ध नहीं थे और सीसीटीवी फुटेज भी नहीं मिला। ऐसे में पुलिस टीम ने तकनीकी अनुसंधान, मुखबिर तंत्र, मोबाइल सीडीआर और आरोपियों की गतिविधियों की निगरानी के आधार पर जांच आगे बढ़ाई।
जांच में पुलिस ने पाया कि घटना के बाद कुछ आरोपियों की आर्थिक गतिविधियों और जीवनशैली में अचानक बदलाव आया था। इसके बाद गहन पूछताछ और वित्तीय साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने पांचों वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से 66.400 किलो चांदी की दो बड़ी सिल्लियां बरामद की गईं। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे भी और खुलासे होने की संभावना है।

कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे news4himachal@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।