*जयपुर दक्षिण पुलिस की सामुदायिक पुलिसिंग पर जोर,57 सीएलजी बैठकों का आयोजन*
August 8th, 2026 | Post by :- | 19 Views
*जयपुर दक्षिण पुलिस की सामुदायिक पुलिसिंग पर जोर,57 सीएलजी बैठकों का आयोजन*

जयपुर,(सुरेन्द्र कुमार सोनी) । जयपुर दक्षिण पुलिस की ओर से सामुदायिक पुलिसिंग और जनसहभागिता को बढ़ावा देने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस मुख्यालय के निर्देशों के तहत जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में सीएलजी एवं जनसहभागिता बैठकों का आयोजन किया गया। पुलिस उपायुक्त जयपुर दक्षिण राजर्षि राज के अनुसार, 20 जुलाई से 20 अगस्त 2026 तक चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जयपुर दक्षिण जिले में अब तक 57 सीएलजी एवं जनसहभागिता बैठकें आयोजित की जा चुकी हैं। इन बैठकों में स्थानीय लोगों, जनप्रतिनिधियों, सीएलजी सदस्यों और युवा सीएलजी सदस्यों से संवाद कर क्षेत्र की समस्याओं पर चर्चा की गई।
पुलिस द्वारा बैठकों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, जनसुनवाई, एफआईआर दर्ज कराने की व्यवस्था, आपातकालीन पुलिस सहायता और नागरिक सुरक्षा से जुड़े विषयों की जानकारी दी गई। स्थानीय स्तर पर सामने आने वाली समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित थाना अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। प्रेस नोट के अनुसार, जिला स्तर पर सीएलजी बैठक के साथ अशोक नगर, चाकसू, मानसरोवर, शिप्रापथ और महेश नगर थाना क्षेत्रों में भी बैठकें आयोजित की गईं। इन बैठकों में युवा सीएलजी सदस्यों की भागीदारी पर विशेष जोर दिया गया।
शिप्रापथ थाना क्षेत्र में आयोजित बैठक के दौरान नशामुक्ति के लिए चलाए जा रहे मिशन जनजागरूकता अभियान की जानकारी दी गई। वहीं महेश नगर थाना क्षेत्र की बैठक में नागरिकों को साइबर सुरक्षा के संबंध में जागरूक किया गया।
जयपुर दक्षिण पुलिस के अनुसार, जिले में अब तक 901 युवा सीएलजी (Y-CLG) बनाए जा चुके हैं। युवा सीएलजी सदस्यों को नशामुक्ति, साइबर अपराध जागरूकता और यातायात सुरक्षा जैसी गतिविधियों से जोड़ा जा रहा है। पुलिस का उद्देश्य युवाओं को पुलिस के साथ समन्वय कर क्षेत्रीय समस्याओं के समाधान में सहभागी बनाना है।

कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे news4himachal@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।