पीलीभीत: अग्रवाल सभा चुनाव में राजीव अग्रवाल ‘टीटी’ अध्यक्ष चुने गए; समाज में जश्न का माहौल
August 4th, 2026 | Post by :- | 108 Views


​पीलीभीत। अग्रवाल सभा के प्रतिष्ठित चुनाव के परिणाम घोषित हो गए हैं। मतदाताओं ने सादगी और नम्र व्यवहार को तरजीह देते हुए राजीव अग्रवाल ‘टीटी’ को सभा का नया अध्यक्ष चुना है। चुनाव परिणाम आते ही अग्रवाल सभा भवन सहित विजयी प्रत्याशियों के आवासों पर आतिशबाजी और मिठाई वितरण के साथ जश्न का माहौल है।
​चुनावी परिणाम एक नज़र में ​अग्रवाल सभा भवन में कुल 2,900 मतदाताओं में से 1,633 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
​अध्यक्ष पद: राजीव अग्रवाल ‘टीटी’ को कुल 715 मत मिले। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 204 वोटों के अंतर से पराजित किया।
​महामंत्री पद पर राजेश अग्रवाल ‘विचले’ ने 1,029 वोट प्राप्त कर अभिषेक अग्रवाल को 512 मतों से हराया।
​उपाध्यक्ष पद: नीरज अग्रवाल ने 1,067 वोट हासिल कर वैभव अग्रवाल को 588 मतों से मात दी।
​कोषाध्यक्ष पद: अंकुर अग्रवाल 815 मत पाकर विजयी रहे, जबकि लव अग्रवाल 705 वोट लेकर दूसरे स्थान पर रहे।
​कानूनी सलाहकार: रजत अग्रवाल ने 826 मत प्राप्त कर जीत हासिल की। ​नवनिर्वाचित कार्यकारिणी सदस्य प्रिंस जिंदल, रचित अग्रवाल, आलू अग्रवाल, दीपक अग्रवाल, त्रिलोक अग्रवाल, मुदित अग्रवाल, गौरव अग्रवाल, शिवम अग्रवाल, अंकित अग्रवाल, नीरज अग्रवाल, श्रीकांत अग्रवाल और अश्वनी गोयल कार्यकारिणी सदस्य के रूप में निर्वाचित हुए हैं।
सोशल मीडिया पर हनक भारी पड़ी: शैली अग्रवाल की करारी हार
​चुनाव में सबसे ज़्यादा चर्चा अध्यक्ष पद के प्रत्याशी व्यापारी नेता शैली अग्रवाल की रही। वे लगातार सोशल मीडिया और जनसंपर्क के ज़रिए सुर्खियों में थे। हालांकि, मतदाताओं ने सोशल मीडिया प्रचार के बजाय सादगी और व्यवहारिकता को तरजीह दी।
​स्थानीय चर्चाओं के अनुसार, व्यक्तिगत मतभेद और दिखावे की राजनीति उनके खिलाफ गई। यह चुनाव परिणाम समाज में एक स्पष्ट संदेश देता है कि पदों और सम्मान की प्राप्ति केवल आडंबर या रीलबाजी से नहीं, बल्कि नम्रता और अपनों के प्रति सम्मान से ही संभव है।
​अनूप अग्रवाल ने निभाई दोस्ती की मिसाल

​चुनाव के दौरान व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष अनूप अग्रवाल की दरियादिली भी चर्चा में रही। उन्होंने अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल किया था, लेकिन अपने पुराने मित्र शैली अग्रवाल के चुनावी मैदान में होने के कारण दोस्ती की कद्र करते हुए नाम वापसी के दिन अपना पर्चा वापस ले लिया और निष्ठा के साथ चुनावी प्रक्रिया में सहयोग किया।
​समाज में उत्साह की लहर
​परिणामों की घोषणा के बाद नवनिर्वाचित अध्यक्ष राजीव अग्रवाल ‘टीटी’, महामंत्री राजेश अग्रवाल, उपाध्यक्ष नीरज अग्रवाल व सोनू मटिया तथा पूरी कार्यकारिणी को बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। अग्रवाल समाज के प्रबुद्ध जनों ने उम्मीद जताई है कि नई कार्यकारिणी समाज के हितों के लिए एकजुट होकर कार्य करेगी।

कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे editorlokhit@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।