(पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा ने गोद लिए सांगानेर थाने का किया निरीक्षण,लंबित प्रकरणों पर विशेष अभियान चलाने के निर्देश) अपराध नियंत्रण, गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान और जनसेवा को और प्रभावी बनाने के दिए निर्देश
July 21st, 2026 | Post by :- | 9 Views

जयपुर,(सुरेन्द्र कु सोनी) । राजस्थान पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा ने गोद लिए सांगानेर पुलिस थाने का सोमवार को निरीक्षण किया। उन्होंने पूर्व में दिए गए निर्देशों की अनुपालना एवं प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने थाना परिसर, रिकॉर्ड संधारण, अपराध अनुसंधान, लंबित प्रकरणों के निस्तारण, जनसुनवाई व्यवस्था तथा पुलिस मुख्यालय की प्राथमिकताओं के क्रियान्वयन का अवलोकन करते हुए अधिकारियों को उत्कृष्ट थाना की अवधारणा के अनुरूप कार्यों को और गति देने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान पुलिस आयुक्त जयपुर श्री सचिन मित्तल, उप महानिरीक्षक पुलिस श्री कुंवर राष्ट्रदीप, पुलिस उपायुक्त (पूर्व) रंजीता शर्मा, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त श्री पारस जैन एवं सहायक पुलिस आयुक्त श्री हरिशंकर शर्मा उपस्थित रहे। पुलिस महानिदेशक श्री शर्मा ने थाना परिसर का निरीक्षण करने के बाद अनुसंधान अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों की बैठक लेकर विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की। पुलिस महानिदेशक ने कहा कि थाना पुलिस का सबसे महत्वपूर्ण चेहरा होता है। यहां की कार्यप्रणाली में गुणवत्ता, पारदर्शिता, संवेदनशीलता और समयबद्धता का समावेश होना चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक प्रकरण का गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान सुनिश्चित किया जाए, जिससे न्यायिक प्रक्रिया मजबूत हो और पीड़ितों को समय पर न्याय मिल सके।
*ये निर्देश भी दिए*
पुलिस महानिदेशक ने केस ऑफिसर योजना के अंतर्गत चिन्हित प्रकरणों की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए न्यायालय में प्रभावी पैरवी सुनिश्चित करने, महिला अत्याचार से संबंधित मामलों का निर्धारित समय-सीमा में अनुसंधान पूर्ण कर प्राथमिकता से निस्तारण करने तथा एक वर्ष से अधिक समय से लंबित प्रकरणों को विशेष अभियान चलाकर समाप्त करने के निर्देश दिए।
पुलिस महानिदेशक शर्मा ने सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए दुर्घटना संभावित हॉटस्पॉट चिन्हित कर प्रभावी कार्रवाई करने के लिए कहा। उन्होंने कमजोर वर्ग से जुड़े अपराधों की रोकथाम पर विशेष ध्यान देने, पुलिस सत्यापन समयबद्ध रूप से पूर्ण करने और कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
*सामुदायिक पुलिसिंग को बनाए अधिक प्रभावी*
श्री शर्मा ने कहा कि सामुदायिक पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाया जाए। बीट अधिकारियों द्वारा नियमित रूप से सार्वजनिक स्थानों पर बैठकें कर आमजन को नए आपराधिक कानूनों, साइबर अपराधों से बचाव तथा पुलिस की विभिन्न जनहितकारी सेवाओं के बारे में जागरूक किया जाए। उन्होंने पुलिस की विजिबिलिटी बढ़ाने, अनुशासन बनाए रखने तथा आमजन के साथ संवेदनशील और सम्मानजनक व्यवहार को पुलिसिंग का मूल आधार बताया।
*सुधार कार्यों पर की सराहना*
श्री शर्मा ने थाना परिसर में अभिलेखों के सुव्यवस्थित संधारण, स्वच्छता, कार्यालय व्यवस्थाओं तथा आमजन की सहज पहुंच के लिए किए गए सुधार कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इन्हें और अधिक सुदृढ़ बनाए। उन्होंने निर्देश दिए कि पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी ‘उत्कृष्ट थाना मार्गदर्शिका‘ के सभी मानकों को समयबद्ध रूप से लागू कर सांगानेर थाने को प्रदेश के आदर्श थानों में विकसित किया जाए। थानाधिकारी श्री लिखमाराम एवं थाना स्टाफ द्वारा पूर्व में प्राप्त निर्देशों पर थाने के बेहतर रख-रखाव एवं आमजन को पुलिस की सहज सुलभता में किए सुधारों के बारे में जानकारी दी।
उल्लेखनीय है कि गृह मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार डीजी-आईजी कॉन्फ्रेंस-2025 के तहत 10 वर्ष से अधिक सेवा अनुभव वाले वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों द्वारा एक-एक पुलिस थाना गोद लेकर उसका मार्गदर्शन एवं नियमित पर्यवेक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस महानिदेशक ने सांगानेर थाना गोद लिया है। उन्होंने 22 जून को किए गए प्रथम निरीक्षण में आवश्यक सुधार संबंधी निर्देश दिए थे। सोमवार को पुनः निरीक्षण कर उन निर्देशों की अनुपालना की समीक्षा की तथा सुधार कार्यों को और अधिक गति देने के निर्देश प्रदान किये।

कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे news4himachal@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।